Crime

महेंद्रगढ़ में पुलिस और कच्छाधारी गैंग के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल, सात गिरफ्तार

महेंद्रगढ़ – हरियाणा के महेंद्रगढ़ में देर रात सीआईए टीम और कच्छाधारी गुलेल गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। करीब तीन बजे हुई इस कार्रवाई में दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें गैंग के दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल आरोपियों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पारदी गुलेल गैंग के सदस्य ट्रेन के जरिए महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे थे और वहां से छाजूपुरम कॉलोनी की तरफ बढ़ रहे थे। बदमाशों की गतिविधि की सूचना मिलते ही सीआईए महेंद्रगढ़, सीआईए नारनौल और थाना शहर महेंद्रगढ़ की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखकर आरोपी हुड्डा सेक्टर की ओर भागने लगे और पीछा कर रही टीम पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। शुरुआती जानकारी के अनुसार पुलिस की ओर से आठ राउंड फायर किए गए, जबकि बदमाशों ने चार राउंड गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के दौरान गैंग के दो सदस्य घायल हो गए, जबकि सात आरोपियों को दबोच लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील, वीरेंद्र, अभय, चांद, मनीराम, विजय और अर्जुन के रूप में हुई है। सभी आरोपी मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी विजय पर 15 हजार रुपये और चांद पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *