DehradunUttarakhand

भाजपा ने 2027 चुनाव के लिए बढ़ाई तैयारी, देहरादून में प्रदेश चुनाव कार्यालय का शुभारंभ

सीएम धामी की मौजूदगी में भाजपा चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। चुनावी रणनीति को धार देने और संगठनात्मक गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के लिए देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय में चुनाव कार्यालय की शुरुआत की गई। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूजा-अर्चना के साथ चुनाव कार्यालय का विधिवत उद्घाटन हुआ।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सह प्रभारी अरविंद मेनन और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने हवन में आहुति देकर प्रदेश की खुशहाली और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए प्रार्थना की।

संविधान दिवस के मौके पर भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि विधानसभा चुनाव तक प्रदेश चुनाव कार्यालय संगठन और चुनावी रणनीति के संचालन का केंद्रीय केंद्र रहेगा। यहां से प्रदेशभर के विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों और बूथ स्तर पर संगठन की तैयारियों को समन्वित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चुनाव प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न समितियों और विभागों के लिए कार्यालय में जरूरी व्यवस्थाएं तैयार कर ली गई हैं। आने वाले दिनों में जिला स्तर और विधानसभा क्षेत्रों में भी चुनाव कार्यालय सक्रिय किए जाएंगे, जिससे चुनावी अभियान को व्यापक स्तर पर गति दी जा सके।

महेंद्र भट्ट ने चुनाव कार्यालय के शुभारंभ को आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी जीत हासिल करने के लक्ष्य की ओर अहम कदम बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *